हरियाणा और राजस्थान में भाजपा कांग्रेस में मुकाबला टाई

दिल्ली दिल्ली लाइव देश राजधानी राज्य राष्ट्रीय

नई दिल्ली | नीलू सिंह
हरियाणा और राजस्थान की एक-एक सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला 1-1 से टाई हो गया। हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर भाजपा के कृष्ण मिड्ढा ने 12,935 वोटों से बाजी मारी तो राजस्थान की रामगढ़ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी शफिया जुबैर ने 12,228 मतों से जीत हासिल की।
कांग्रेस ने जींद सीट से अपने दिग्गज नेता रणदीप सुरजेवाला को मैदान में उतारा था। साथ ही जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) पार्टी के दिग्विजय चौटाला के भी चुनाव लड़ने से यहां मुकाबला काफी रोचक बना हुआ था। मगर इन दोनों को भाजपा के कृष्ण मिड्ढा ने मात दे दी। अजय चौटाला के छोटे बेट दिग्विजय दूसरे नंबर पर जबकि सुरजेवाला तीसरे नंबर पर रहे। इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) से दो बार विधायक रहे हरि चंद मिड्ढा का अगस्त 2018 में निधन होने की वजह से 28 जनवरी को इस सीट पर उप-चुनाव हुआ था। उपचुनाव में करीब 75 फीसदी मतदान हुआ।
रामगढ़ में जीत के साथ राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 100 विधायक हो गए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार जुबैर को 44.77 प्रतिशत मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी को 38.20 प्रतिशत मत मिले। चुनाव में उतरे 20 उम्मीदवारों में से पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र और बसपा उम्मीदवार जगत सिंह सहित 18 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। गत सात दिसंबर को रामगढ़ सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया था। अलवर की पूर्व जिला प्रमुख 51 वर्षीय शफिया ने कहा कि यह चुनाव विकास पर आधारित था। लोग विकास चाहते हैं और वह जानते हैं कि कांग्रेस को वोट देकर ही क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *