लोकसभा चुनाव के लिए आप का दांव

एनसीआर गुडगाँव दिल्ली दिल्ली लाइव नोएडा राजधानी राज्य समाचार

नई दिल्ली। नीलू सिंह
पिछले लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने देशभर में 100 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन अब 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले आप ने खुद को दिल्ली की पार्टी बताते हुए दिल्ली की जनता से बीजेपी और कांग्रेस को वोट देने के बजाए क्षेत्रीय दल को वोट करने की अपील की है। शीला दीक्षित के दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के बाद से आलम यह है हो गया है कि आप जहां एक ओर कांग्रेस को वोट कटवा पार्टी करार दे चुकी है, वहीं अब दिल्ली की जनता के सामने उन राज्यों के उदाहरण भी पेश कर रही है, जहां अधिकतर क्षेत्रीय पार्टियों के सांसद चुन कर आते हैं।
आम आदमी पार्टी ने हाल ही में कुछ इलाकों में पर्चे बांटने शुरू किए हैं। इन पर्चों का प्रचार सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया जा रहा है। इसमें दिल्ली की जनता को जागरूक करते हुए एक सवाल पूछा गया है। पर्चे पर कुछ इस तरह लिखा है दिल्ली वालों क्या आपको पता है? तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में लोग अपने राज्यों की पार्टी के सांसद चुनते हैं। क्योंकि इन राज्यों के लोग कांग्रेस-बीजेपी को वोट देकर अपना वोट खराब नहीं करते। इसी तरह इस बार हम दिल्ली के लोगों को भी दिल्ली की पार्टी यानी केजरीवाल की पार्टी के सांसद बनाने चाहिए। दिल्ली में केजरीवाल की पार्टी के सांसद होंगे तो दिल्ली के लोगों के हक की आवाज संसद में उठाएंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अब कांग्रेस से गठबंधन की गुंजाइश लगभग खत्म है, यही कारण है कि अब पार्टी ने सीधे तौर पर कांग्रेस पर हमला बोलना भी शुरू कर दिया है। पार्टी के हर कार्यकर्ता को यह भी कहा गया है कि जनता के बीच जोर शोर से यह संदेश दिया जाना चाहिए कि कांग्रेस वोट कटवा पार्टी है। इस लोकसभा चुनाव में आप को यह डर सता रहा है कि अगर कांग्रेस का वोटर कांग्रेस की तरफ वापस लौटा, तो आप को काफी नुकसान झेलना होगा, जिसका असर अगले विधानसभा चुनाव में भी पड़ेगा। यही कारण है कि अब आप सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस को आड़े हाथों लेती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *