नाराज किसानों ने कुमाऊं में किया हाईवे जाम

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर देहरादून नैनीताल राज्य समाचार हरिद्वार

हल्द्वानी। अनीता रावत
कच्चे आढ़तियों के धान खरीद में मनमाने तरीके से की जा रही कटौती से किसान भड़क गये हैं। आक्रोशित किसानों ने अमरिया चौराहे पर धरना दिया। इससे सड़क में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इधर, किसानों के विरोध को देखते हुये एसडीएम तुषार सैनी और कोतवाल प्रकाश दानू मौके पर पहुंच गये। किसानों का आरोप है कच्चे आढ़ती एक कुंतल उपज में से 20% की नाजायज कटौती कर रहे हैं। एसडीएम ने किसानों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान सड़क से हटे।


सोमवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति में मानकों के विपरीत धान खरीद होने से नाराज किसानों ने अमरिया चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि धान खरीद में मनमानी की जा रही है। मंडी में कई दिन से किसान धान बिकने का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें परेशान किया जा रहा है। नियमों के खिलाफ किसानों का धान बाजार में 800 रुपये कुंतल खुलेआम खरीदा जा रहा है। प्रशासन अवैध खरीद पर किसी तरह की कोई रोक नहीं लगा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है। किसान नेता साहब सिंह और रंधीर सिंह बल ने आरोप लगाया कच्चे आढ़ती किसानों के धान में अधिक नमी दर्शाकर 20% की प्रति कुंतल कटौती कर रहे है। साथ ही 25 दिन बाद पेमेंट करने की बात कर रहे हैं। सरकार ने कच्चे आढ़तियों को किसानों की 75% फसल खरीदने का नियम पारित किया है। 25% फसल सरकारी तोल कांटों पर किसान बेचते है। इन दोनों स्थानों पर किसानों को समर्थन मूल्य यानि एमएसपी के तहत भुगतान करने का आदेश है। किसान साहब सिंह ने कहा कच्चे आढ़ती किसानों का धान कटौती कर खरीदने की फिराक में हैं। धान खरीदने के बाद कच्चे आढ़ती 25 दिन बाद भुगतान करने की बात कर रहे थे। इसका किसानों ने सोमवार को विरोध कर दिया है। किसानों ने चेतावनी दी धान खरीद में मनमानी बंद नहीं की गई तो राइस मिलरों के आगे धरना दिया जायेगा। अमरिया चौराहे पर किसानों के धरने के बाद चौराहे में बने सर्किल की परिधि के हर मार्ग में वाहनों का आवागमन बंद हो गया था। सड़कों में लंबा जाम लगा हुआ था। मरीज लेकर गुजर रही एंबुलेंस का हूटर सुनाई देते ही सड़क में बैठे किसान तुरंत हट गये। इसके बाद उपनिरीक्षक धीरेंद्र परिहार, सिपाही चंदप्रकाश ने एंबुलेंस को जाम से निकलवाया। इसके अलावा स्कूली वाहनों को भी पुलिस ने रास्ता दिलवाकर गंतव्य को रवाना कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *