अमेरिका अब अंटार्कटिका से भी ज्यादा ठंडा

अंतरराष्ट्रीय

वाशिंगटन। उत्तरी ध्रुव के बर्फीले इलाके आर्कटिक से कड़कड़ाती हवा से अमेरिका के 12 राज्यों में जमकर बर्फबारी हो रही है। इसके चलते अमेरिका में अंटार्कटिका से भी ज्यादा ठंड हो गई। अमेरिका के कई इलाकों में तापमान शून्य से 32 डिग्री तक नीचे जा चुका है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में इस पीढ़ी की सबसे ज्यादा ठंड पड़ने वाली है। जानलेवा सर्दी का असर लाखों लोगों पर पड़ा है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं। हजारों उड़ानें और दर्जनों ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। कंपनियों ने अपने कर्मचारियों से घर पर रहने को कहा है। अमेरिका में सर्दी का सबसे ज्यादा कहर शिकागो में पड़ा है। यहां की नदी जम चुकी है। ठंड से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम ने दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को काफी हद तक शटडाउन सा कर दिया है। अमेरिका के शिकागो में बुधवार को माइनस 32 डिग्री सेल्सियस तापमान है। शिकागो अंटार्कटिका से भी ज्यादा ठंडा है। बुधवार को ही अंटार्कटिका के प्रिस्टले ग्लेशियर का न्यूनतम तापमान माइनस 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो शिकागो से कम है। अमेरिका के मौसम विभाग ने तापमान के -70 डिग्री पहुंचने के चेतावनी जारी की है। पेट्रोलिंग करने वाले अफसर इसे अमेरिका की ऐतिहासिक ठंड बता रहे हैं। अमेरिका के विसकॉन्सिन, मिशिगन और इलिनॉय में कड़ाके की ठंड के चलते आपातकाल घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा मिसिसिपी और अलबामा, मिनेसोटा, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा, कंसास, मिसौरी और मोंटाना में भी जमकर सर्दी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *