यूपी-उत्तराखंड के बीच 21 साल पुराने सभी मामले हल: धामी

अल्मोड़ा उत्तरप्रदेश लाइव उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार लखनऊ हरिद्वार

देहरादून। अनीता रावत

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जब साथ बैठे तो 21 साल पुरानी समस्याओं का समाधान निकल आया। तय हुआ कि कोर्ट में चल रहे सारे मामले वापस होंगे और बातचीत से समाधान निकाल लिया जाएगा। साथ ही सिंचाई विभाग की जमीन व मकानों का संयुक्त सर्वे होगा। वहीं भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया गया। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता हीरो वाजपेयी, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बुके और अंग वस्त्र देकर स्वागत किया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह भी साथ थे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने आवास पर उत्तराखंड के सीएम के साथ बैठक की। इसमें दोनों राज्यों के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी थे।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाद में बताया कि दोनों राज्यों के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। यूपी और उत्तराखंड के बीच संपत्तियों के बंटवारे को लेकर 21 साल से चले आ रहे सारे विवाद हल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग की 5700 हेक्टेअर भूमि और 1700 मकानों का 15 दिन में संयुक्त सर्वे होगा। आवास-विकास की संपत्तियां 50-50 फीसदी दोनों राज्यों में बंटेंगी। धामी ने कहा कि सिंचाई विभाग की जमीन और मकानों को लेकर जल्द दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें संयुक्त सर्वे की रणनीति तय होगी, जो 15 दिन में किया जाएगा। उसके बाद यूपी को जितनी जमीन और मकानों की जरूरत होगी, वो उसे मिल जाएंगे। बाकी उत्तराखंड के पास रहेंगे। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित चंपावल जिले के वनवसा में बैराज काफी पुराना है। वहां नया बैराज बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम जल्द 205 करोड़  उत्तराखंड को देगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एक माह में हरिद्वार का अलकनंदा होटल उत्तराखंड को मिलेगा। इस मौके पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आएंगे। उन्होंने कहा कि किच्छा में बस स्टैंड की जमीन उत्तराखंड को मिलेगी। यूपी द्वारा वन विभाग के 90 करोड़ अवशेष का भुगतान तुरंत कर दिया जाएगा। नानक सागर, गंग नहर में स्पोर्ट्स को लेकर भी सहमति बन गई है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दोनों राज्यों के बीच चल रहे सभी मुकदमे वापस होंगे। उन्होंने कहा कि बेहद सौहार्दपूर्ण तरीके से बातचीत के जरिए सारे मामले सुलझाने पर सहमति बन गई है। धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बड़ा भाई बताया। उन्होंने कहा कि यूपी और उत्तराखंड के बीच भी बड़े और छोटे भाई का रिश्ता है और यह रिश्ता इसी तरह कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि 21 साल पुराने विवादों पर सहमति बनाने में योगी जी ने बड़े भाई की भूमिका का निर्वाह किया है। इसके लिए हम अपनी और उत्तराखंड की जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हैं। धामी ने कहा कि उत्तराखंड में 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद बहुत काम हुआ है। चार धाम यात्रा की ऑल वेदर सड़कें करीब 1000 करोड़ की लागत से बन रही हैं। हर क्षेत्र में बहुत काम हुआ है। आम आदमी पार्टी को लेकर सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल से जनता के बीच सिर्फ सरकार और भाजपा थी, बाकी सारे दल अब सिर्फ चुनाव के लिए उत्तराखंड आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *