भाजपा की वादाखिलाफी का जवाब जनता चुनाव में देगी : अखिलेश

उत्तरप्रदेश लाइव लखनऊ

लखनऊ। सीमा तिवारी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री का कानून व्यवस्था को ठीक करने का दावा हवा-हवाई साबित हो गया है। जनता कानून के मुद्दे पर वादाखिलाफी का जवाब भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में सबक सिखाकर देगी।

अखिलेश यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि लखनऊ के आलमबाग में बीच बाजार घटी गोलीबारी-डकैती की घटना भाजपा की नाकाम सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है। भाजपा ने एक तरफ व्यापार को खत्म कर दिया है, दूसरी तरफ अनियंत्रित अपराध से व्यापारी खत्म हो रहे हैं। अब इस चुनाव में व्यापारी खुद ही भाजपा को खत्म कर देंगे।

उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की राजधानी में ही कानून व्यवस्था की यह स्थिति है तो पूरे राज्य में स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। दो दिन पूर्व बस्ती में एक अधिवक्ता की हत्या से पूरा प्रदेश थर्राया हुआ है। चारों तरफ अराजकता का बोलबाला है। प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष बाद भी कानून व्यवस्था पर कोई पकड़ नहीं बन सकी। आपराधिक घटनाओं से उत्तर प्रदेश की छवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल हुई है। इसके कारण प्रदेश के विकास की संभावनाओं की गति रुक गई है। उत्तर प्रदेश सरकार की उदासीनता के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। अपराध की घटनाओं पर रोक के नाम पर फर्जी एनकाउंटर किया जा रहा है। निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। सूबे में भाजपा के भय युक्त माहौल से निवेश और पर्यटन का क्षेत्र शिथिल पड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं रह गई है। इसके कारण जनता आक्रोशित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *