एक ही विमान से अखिलेश-प्रियंका ने किया सफर

उत्तरप्रदेश लाइव नोएडा मुख्य समाचार मुरादाबाद लखनऊ वाराणसी

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
एक संयोग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कई राजनीतिक कयास लगा दिए। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक ही उड़ान से लखनऊ आए। इस उड़ान की फोटो जैसे ही सोशल मीडिया पर आई तो कुछ ही देर में वायरल हो गई।


दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख अखिलेश यादव दिल्ली से लौट रहे थे। विस्तारा की उड़ान संख्या यूके 461 से ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी लखनऊ आ रही थीं। यह उड़ान दिन में 1:35 बजे दिल्ली से रवाना हो कर 2:50 पर लखनऊ आती है। उड़ान आई तो पहले प्रियंका गांधी उतरीं जबकि अखिलेश यादव काफी देर बाद टर्मिनल से बाहर आए। इसके पहले जब फ्लाइट रुकी तो विमान के बीच के गलियारे में दोनों ने एक दूसरे का अभिवादन किया। इस मौके की फोटो ट्विटर पर पोस्ट होते ही ट्वीट होने लगे। इसमें कांग्रेसी नेताओं के ट्वीट भी शामिल हैं। कांग्रेस नेता जॉर्ज कुरियन ने ‘काश उत्तर प्रदेश के लिए ये दोनों नेता आगे भी साथ सफर करें’। यह टिप्पणी ट्विटर पर की। कांग्रेस के मीडिया पैनेलिस्ट सुरेन्द्र राजपूत ने भी यही फोटो ट्वीट की। वर्ष 2017 में प्रियंका की पहल पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़े थे लेकिन गठबंधन के नतीजे अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो सके थे। अखिलेश ने इसके बाद वर्ष 2019 में बहुजन समाज पार्टी से गठजोड़ किया। इसका भी नतीजा समाजवादी पार्टी के लिए लाभकारी नहीं रहा। चुनाव बाद अखिलेश यादव लगातार कह रहे हैं कि वह बड़े सियासी दलों से गठबंधन नहीं करेंगे। बड़ी पार्टियों से गठबंधन का उनका अनुभव ठीक नहीं रहा है, हां वह छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन के लिए लगातार बात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *