अखिलेश ने कानपुर से किया चुनावी शंखनाद, भाजपा पर कसा तंज

आगरा इलाहाबाद उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर नोएडा बरेली मुख्य समाचार मुरादाबाद मेरठ लखनऊ वाराणसी

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर से चुनावी शंखनाद कर भाजपा पर जमकर तंज कसा। मंगलवार को रथ यात्र निकाल कर अखिलेश ने कहा कि देश में सबसे बदहाल कानून व्यवस्था यूपी की है। कानून व्यवस्था, नदियों की सफाई, भ्रष्टाचार, कालाधन वापसी, महंगाई, किसान आंदोलन हर मुद्दे पर सरकार विफल है। सड़क पर बुल (अन्ना जानवर) लोगों की जान ले रहे हैं। इस बार सरकार के साथ बुल और बुलडोजर दोनों विदा हो जाएंगे। सपा को 400 सीटें मिलेगी।
कानुपर के जाजमऊ में विजय रथयात्रा के उद्घाटन के बाद अखिलेश यादव ने घाटमपुर में जनसभा की। जनसभा में अखिलेश ने कहा कि विजय रथ यात्रा उत्तर प्रदेश की खुशहाली के लिए है। किसानों, नौजवानों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार न होती तो यहां पावर प्लांट न लगता। जब बिजली बनेगी तो यूपी ही नहीं देश को भी मिलेगी। बिना बिजली के खुशहाली नहीं आएगी। अब तो बिजली भी बहुत महंगी हो गई। साढ़े चार साल में किसी की आमदनी नहीं बढ़ी। किसान बताएं, आय दुगनी हुई है क्या। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल 100 रुपये पार हो गया। सरसों का तेल भी 200 रुपये पार हो गया है। मुफ्त में उज्ज्वला योजना के सिलेंडर बांटने का दावा किया लेकिन किश्तों में पैसा वसूल लिया। अब तो गरीब गैस सिलेंडर ही नहीं भरवा पा रहे हैं। ऐसी सरकार को जाना चाहिए। नोटबन्दी के बाद कालाधन और बढ़ गया। कालाधन वापस लाने का दावा करने वाले लोग बताएं कि काला धन कहां गया। नोटबन्दी के समय बैंक में पैदा हुए बच्चे ने हमारी यात्रा को हरी झंडी दिखाई है। हमने उस समय की परेशानी को देखते हुए उसका नाम खजांची रखा था। आज खजांची ने ही हमारी यात्रा को हरी झंडी दिखाई है। सुरक्षा और सुविधा पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि अब तो एम्बुलेंस, 100 नंबर भी मदद नहीं करते। कोरोना काल में दर दर भटकना पड़ा। दवा, ऑक्सीजन, बेड के बिना लोगों की जान गई और गंगा किनारे चिता के लिए इंतजार करना पड़ा। लाशें पड़ी रही। इसकी जिम्मेदार भाजपा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर की घटना कोई नहीं भूलेगा। भाजपा के नेता की गाड़ी ने किसानों को कुचला। किसान नहीं कानून कुचला गया है। मंत्री अब तक नहीं हटाए गए। ये भाजपा का घमंड है। भाजपा का सफाया सपा ही करेगी। किसानों को न्याय मिलेगा। कानपुर से घाटमपुर, कालपी होते हुए मंगलवार को सूरज ढलते ही सपा की विजय रथ यात्रा हमीरपुर पहुंच गई। यहां देर शाम पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा के राष्ट्रीय अक्ष्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार के सफाए का मन बना लिया है। उन्होंने दो टूक कहा, कांग्रेस-बसपा से फिलहाल गठबंधन नहीं होगा। छोटे और क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *