उत्तराखंड के सीएम से बात के बाद माने केदार धाम के तीर्थ पुरोहित

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार

देहरादून। अनीता रावत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने दर्शन के बाद तीर्थपुरोहितों से वार्ता की। उन्होंने तीर्थ पुरोहितों को 30 नवम्बर तक इस मामले में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा भी दिया। इसके बाद तीर्थ पुरोहितों के सुर नरम पड़ गए हैं। वे पीएम मोदी के दौरे का खुलकर विरोध करने से पीछे हट गए हैं। सीएम ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारी और पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोई विरोध नहीं है। बड़े सौहार्दपूर्ण तरीके से सभी ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे। वहां की तैयारियों को देखने गए थे। 400 करोड़ की योजनाओं का लोर्कापण, शिलान्यास होना है। आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि का अनावरण होना है।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे सीएम पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे। उनके साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल भी थे। सीएम के केदारनाथ पहुंचते ही तीर्थपुरोहितों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम पहुंच कर बाबा केदार के दर्शन किए। 5 नवंबर को प्रधानमंत्री के केदारनाथ आगमन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों के प्रतिनिधियों से भी वार्ता की। सौहार्दपूर्ण बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन भावनाओं का सम्मान करने वाली सरकार है। तीर्थों के पंडा, पुरोहित और पुजारियों के मान सम्मान को कोई ठेस नहीं पहुंचाई जाएगी। जल्द सकारात्मक, धनात्मक और विकासात्मक दृष्टिकोण से चारधाम, तीर्थपुरोहिता, पंडा और पुजारी समाज के सम्मान तथा धार्मिक आस्था की गरिमा के सम्मान के लिए तत्पर हैं। सीएम से वार्ता के बाद तीर्थ पुरोहितों का रुख नरम पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बाबा केदार के प्रति विशेष आस्था और श्रद्धा है। उनका उत्तराखंड को दुनिया की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विकसित करने का विजन है। पूरी दुनिया के लोग यहां आध्यात्मिक शांति के लिए आएंगे। आधुनिक इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। पहले चरण के काम हो चुके हैं। दूसरे चरण के काम शुरू हो रहे हैं। आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि का लोकार्पण करने के साथ ही उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, पूर्व दायित्वधारी अजेन्द्र अजय, पूर्व विधायक आशा नौटियाल, भाजपा महामंत्री विक्रम सिंह कण्डारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महावीर सिंह पंवार, जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, उपजिला अधिकारी जितेन्द्र वर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *