पसंद से शादी करने पर पिता ने लोगों के सामने बेटी का किया कत्ल

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राष्ट्रीय

हल्द्वानी। अनीता रावत
हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में कॉलटैक्स स्थित नहर के पास बस्ती में शुक्रवार शाम सौतेले बाप और भाई ने कायनात नामक युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। जबकि, उसके पति सलमान पर भी चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर लहुलुहान कर दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कायनात ने डेढ़ माह पूर्व अपनी पसंद से निकाह कर लिया था, जिससे परिजन नाखुश थे। इसी नाराजगी में पिता ने बेटे के साथ मिलकर कायनात की हत्या कर दी।


पुलिस के अनुसार कॉलटैक्स स्थित रेलवे लाइन के पीछे की बस्ती में रहने वाले कायनात (19) और सलमान (21) दो साल से एक-दूसरे को पसंद करते थे। करीब डेढ़ माह पूर्व दोनों ने घर से भाग कर निकाह कर लिया। कुछ समय पहले ही दोनों वापस लौटे थे। कायनात के परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं थे। इसी नाराजगी में शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे युवती के परिजनों ने दोनों से मारपीट की और फिर चाकुओं से हमला कर दिया। आसपास के लोग उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने लगे। तभी कायनात के सौतेले पिता सलीम और भाई आलम ने पीछे से आकर फिर से चाकुओं से हमला कर दिया। दोनों ने वहीं गला रेतकर कायनात की निर्मम हत्या कर दी। सलमान के शरीर पर चाकू से तीन बार वार किए। सलमान के भाई व परिजन उसे तत्काल बेस अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले के बाद कायनात के शरीर से लगातार खूब बह रहा था। तड़क-तड़क पर कुछ देर में ही उसने दम तोड़ दिया। आसपास के लोग देखते ही रहे। वहीं आरोपी पिता-पुत्र ने जब सलमान पर हमला किया तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें धक्का दे दिया। जिससे उसकी जान बच गई। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने कहा कि आरोपी पिता और पुत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। दोनों पर अन्य धाराओं में भी मुकदमा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *