उत्तराखंड में खाई में वाहन गिरने से 13 यात्रियों की मौत

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार हरिद्वार

देहरादून। अनीता रावत
उत्तराखंड में रविवार सुबह गड्ढे में यात्रियों से भरे वाहन गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देहरादून जिले के चकराता में हुआ। यात्री दिवाली की खरीदारी करने विकासनगर जा रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बायला में हुई दुर्घटना के मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारणों की जांच जिला प्रशासन को दी। जांच कालसी चकराता के एसडीएम सौरभ असवाल करेंगे। सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख जताया है।
चकराता तहसील के बाइला गांव के पास रविवार सुबह यात्रियों से खचाखच भरा लोडर 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। चकराता के थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे बाइला गांव से एक किमी दूर यह हादसा हुआ। हादसा इतना दर्दनाक था कि मृतक और घायल पहाड़ी पर छिटक छिटक कर और पत्थरों से टकराकर इधर, उधर बिखर गए। पांच सीट क्षमता वाले लोडर में कुल 15 लोग सवार थे। हालांकि लोगों का कहना है कि, इससे ज्यादा लोग वाहन में सवार थे। हादसे के समय छत पर सवार होने के कारण छिटक जाने से उनकी जान बच गई। आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी ने बताया कि, घटनास्थल काफी दूर है। शाम को टीम मौके पर पहुंच गई है। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। यूटीलिटी 5 प्लस 1 सीट में पास थी, जिसमें क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।। हादसे का स्पष्ट कारण रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाइला गांव के पास हुए हादसे में मारे गए 13 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर मृतकों के परिजनों को दो दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता की घोषणा की है। उधर, मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *