गर्लफ्रेंड के साथ रवि काना थाईलैंड में गिरफ्तार

एनसीआर क्राइम न्यूज दिल्ली दिल्ली लाइव देश नोएडा राज्य राष्ट्रीय

नई दिल्ली। स्क्रैप माफिया और 25 हजार के इनामी रवि काना को उसकी महिला मित्र काजल झा के साथ थाईलैंड में गिरफ्तार किए जाने की सूचना नोएडा पुलिस को मिली है। डीसीपी नोएडा विद्यासागर मिश्र ने बताया कि रवि काना के अधिवक्ता ने दोनों की गिरफ्तारी की जानकारी इलाहाबाद हाईकोर्ट को दी है। उन्होंने कहा कि दोनों को थाईलैंड से भारत लाने की तैयारी की जा रही है।
एक युवती ने पिछले साल दिसंबर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े स्क्रैप माफिया रवि काना और उसके साथियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इसके बाद ग्रेटर नोएडा में उसके और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट का केस दर्ज हुआ, जिसमें उसकी महिला मित्र काजल झा को भी आरोपी बनाया गया। केस दर्ज होने के बाद रवि काना अपनी पत्नी मधु नागर और गर्लफ्रेंड काजल झा के साथ फरार हो गया। रवि की पत्नी मधु नागर को दिल्ली एयरपोर्ट से पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसने पुलिस को बताया कि रवि और काजल झा थाईलैंड भाग गए हैं। इसके बाद से नोएडा पुलिस लगातार थाईलैंड पुलिस के संपर्क में थी। लंबे समय तक फरारी के चलते पुलिस ने रवि काना पर इनाम भी घोषित कर दिया। साथ ही रवि और काजल झा के खिलाफ लुकआउट और रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया। कमिश्नरेट पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद रवि नेपाल के रास्ते थाईलैंड भागा था। स्क्रैप माफिया पर जितने भी आरोप लगे हैं, उसकी जानकारी थाईलैंड पुलिस के साथ साझा की गई थी। कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की पुलिस रवि काना की विदेश में अर्जित की गई संपत्ति की भी जांच कर रही है। पुलिस उसके गिरोह के 14 सदस्यों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है। स्क्रैप माफिया की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने के लिए पुलिस उसकी 150 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त करने के साथ ही चार बैंक खातों को फ्रीज कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *